मगहर। सद्गुरु कबीर की परिनिर्वाण स्थली पर रविवार को प्रोफेसर डाॅ. विजयनाथ मिश्र के नेतृत्व में देवेंद्र दास ताना-बाना समूह के साथ करीब 15 कबीर पंथियों का जत्था काशी से चलकर गाजीपुर, आजमगढ़, खजूरी होते हुए कबीर चौरा पहुंचा। यहां पर कबीर की समाधि व मजार का दर्शन करने के साथ महंत विचारदास से मुलाकात की।
महंत विचारदास ने कहा कि कबीर साहेब की वाणी को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से काशी से मगहर के लिए कबीर भक्तों की ओर से यात्रा निकाली गई। कबीर भक्तों के लिए यह भी एक धाम है। प्रो. डॉ. विजयनाथ मिश्र ने कहा कि कबीर की वाणी आज भी विश्व में प्रासंगिक है। उनकी वाणी पर आज भी विभिन्न देशों में रिसर्च किए जा रहे हैं।
देवेंद्र दास ने कहा कि जिस तरह सावन के महीने में शिव भक्त देवघर जाकर जल चढ़ाते हैं उसी तरह से कबीर भक्तों ने रविवार को काशी से चलकर कबीर की समाधि स्थल पहुंचकर उनके दर्शन किए। इस दौरान कबीर भजन की खूबसूरत प्रस्तुति की गई।