संतकबीरनगर। समाजवादी पार्टी से बगावत कर चुनाव लड़ रहे बागियों पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है। जिलाध्यक्ष अब्दुल कलाम ने बागियों पर कार्रवाई के लिए कमेटी गठित कर दी है। कमेटी की रिपोर्ट के बाद इन बागियों पर कार्रवाई की जाएगी।
सपा जिलाध्यक्ष अब्दुल कलाम ने बताया कि सपा कार्यकर्ताओं ने मौखिक सूचना दी है कि खलीलाबाद नगर पालिका से पवन छापड़िया राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश के बाद भी समाज को गुमराह और भ्रम फैलाने की नीयत से अपनी उम्मीदवारी का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। इसको देखते हुए कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी में पूर्व जिलाध्यक्ष गौहर अली खां, लोरिक यादव, रामदरश यादव, जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष संतोष यादव, रमेश चंद यादव शामिल हैं। यह कमेटी अपनी रिपोर्ट चार मई को 11 बजे तक देगी। इसके साथ ही हैंसर नगर पंचायत में भी सुभावती चौहान राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश के बाद भी उम्मीदवार के तौर पर अपना प्रचार कर रही हैं।
यहां पर भी कमेटी बनाई गई है। उसमें निवर्तमान जिला महासचिव राजमन यादव, केडी यादव, शिवनाथ यादव, लाल बहादुर यादव शामिल हैं। यह लोग भी अपनी रिपोर्ट चार मई को 11 बजे तक उपलब्ध कराएंगे। रिपोर्ट आने के बाद मामले से प्रदेश अध्यक्ष को अवगत कराया जाएगा और उसके बाद अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।