- मछुआरों के प्रयास से बच गई जान, इलाज के बाद घर भेजी गई
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। रविवार की दोपहर घर से निकली 20 वर्षीय छात्रा तीन किलोमीटर की दूरी तय करके कुआनो नदी में जाकर छलांग लगा दी। मछुआरे उसे नदी में कूदता देख बचाने के प्रयास में जुट गए। कुछ ही देर में छात्रा को नदी से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नाथनगर पहुंचाया गया। जहां इलाज के बाद डॉक्टर ने घर भेज दिया।
क्षेत्र के एक गांव निवासी छात्रा रविवार की दोपहर करीब एक बजे घर से निकली। परिवार के लोग समझे की आसपास में वह किसी के घर जा रही है। छात्रा गांव में न रुककर करीब तीन किलोमीटर पैदल चलकर करके मुखलिसपुर के पास कुआनो नदी के पुल पर पहुंचकर नदी में छलांग लगा दी। संजोग ठीक रहा की वहां पर मछुआरे मौजूद थे। युवती को नदी में डूबता देख उसे बचाने का प्रयास करने लगे। थोड़ी देर में पानी से बाहर निकाल दिया गया। तब तक परिवार के लोग भी पहुंच गए और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलौली ले गए। जहां उपचार की बाद हालत में सुधार हुआ तो डॉक्टर ने छात्रा को घर भेज दिया। नदी में छात्रा ने छलांग क्यों लगाई इस सवाल पर परिवार के लोग और छात्रा खामोश है। पुलिस ने इस तरह के किसी भी घटना की जानकारी से इन्कार किया है।