संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की बैठक बृहस्पतिवार को औद्योगिक क्षेत्र खलीलाबाद में हुई। इसमें उद्यमियों ने समस्याओं पर चर्चा की। उद्यमियों ने बैंकों और बिजली निगम की उदासीनता का मुद्दा उठाया। इस वजह से उद्योगों को गति नहीं मिल पाने से नए उद्योगों के स्थापित होने की राह में रोड़ा बताया गया।
उद्यमी राम बहादुर मिश्रा ने कहा कि बैंक के जरिए भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री खाद्य उन्नयन योजना की सब्सिडी में घालमेल कर उनसे समूचे ऋण पर ब्याज ले रहा है। इस वजह से उन्हें परेशानी हो रही है। उद्यमी आशीष कुमार ने कहा कि बैंक गुमराह कर सरकारी योजनाओं के ऋण की फाइलों को स्वीकृत करने में हीलाहवाली कर रहा है। वहीं, उद्यमी अजय कुमार ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में गत्ते की फैक्ट्री है। उनकी फैक्ट्री का मीटर चार महीने से खराब है। लोड बढ़ाने की स्वीकृति मिलने के बाद भी मीटर नहीं बदला जा रहा है।
इस वजह से गलत बिल प्राप्त हो गया। इसकी शिकायत करने के बाद भी सुधार नहीं हो रहा है। उद्यमी गौरव जायसवाल ने कहा कि उनकी फैक्ट्री में बिजली बिल की गड़बड़ी है। इसकी शिकायत एक साल से कर रहे हैं, लेकिन सुधार नहीं हो पा रहा है। उत्तर प्रदेश इंडस्टीज एसोसिएशन के अध्यक्ष अरविंद पाठक ने कहा कि आगामी उद्योग बंधु की बैठक में इन समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा। वैसे इस संंबंध में यूपीपीसीएल के चेयरमैन से पिछले सप्ताह मिलकर शिकायत कर चुके है। उन्होंने समस्या के समाधान का भरोसा दिया है।
जो औद्योगिक क्षेत्र की बदहाली दूर कराएगा, उसी को करेंगे वोट
उद्यमियों ने बैठक के दौरान औद्योगिक क्षेत्र की टूटी सड़कें, जाम नालियां और बदहाल बिजली व्यवस्था व पार्क का मुद्दा उठाया। उद्यमी कृष्ण गोपाल पांडेय, सत्यम मौर्या, विंध्याचल वर्मा, विकास कुमार, अजय यादव आदि ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में सफाई की व्यवस्था भी लचर है। यहीं पर शहर का कूड लाकर डंप किया जा रहा है। औद्योगिक क्षेत्र को विकसित करने की तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा है। निकाय चुनाव में जो दावेदार पहुंच रहे हैं, उनसे एक ही सवाल किया जा रहा है कि जो औद्योगिक क्षेत्र की समस्या दूर कराने का भरोसा देगा, वोट उसी को किया जाएगा।