संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद की पुलिस ने झपटमारी करके मोबाइल छीनने वाले शातिर को रविवार को गिरफ्तार कर लिया। वह संतकबीरनगर में ही नहीं मुंबई में भी मोबाइल की झपटमारी करता था। पुलिस टीम ने उसे एचआरपीजी काॅलेज की तरफ जाने वाली सड़क पर स्थित ओपन जिम के पास दबोचा।
एएसपी सुशील कुमार सिंह ने बताया कि खलीलाबाद कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार पांडेय के नेतृत्व में गठित टीम को एचआरपीजी काॅलेज के पास एक संदिग्ध दिखाई दिया। शक होने पर टीम ने उसकी तलाशी ली तो उसके पास छह एंड्रायड फोन बरामद हुए। पूछताछ में उसने अपना नाम शाहरुख खान निवासी मेंहदावल थानाक्षेत्र के शेखापुर गुलरिहा बताया।
पूछताछ में उसने बताया कि वह मुंबई और खलीलाबाद में सड़क किनारे मोबाइल से बात कर रहे लोगों का मोबाइल झपट लेता है। वह मुंबई में भी इसी तरह की वारदात करता है। उसने बताया कि 19 फरवरी को शुगर मिल चौराहे एक व्यक्ति का फोन छीना था। इसमें उसके साथ उसका एक साथी भी शामिल था। वह मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक की खोज में था।