बेलहर। क्षेत्र के एक गांव में दुकान पर शैंपू खरीदने गई 13 वर्षीय किशोरी के साथ दुकानदार ने रेप किया। पीड़ित किशोरी की जब हालत खराब हुई तो उसने घर वालों को घटना की जानकारी दी। किशोरी के पिता ने बेलहर पुलिस को तहरीर देकर आरोपी पर कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर में पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया है कि 20 फरवरी को उनकी 13 वर्षीय बेटी गांव के ही एक दुकान पर शैंपू खरीदने गई थी। अभी वह दुकानदार से शैंपू मांग रही थी कि दुकानदार ने उससे कहा कि घर पर कुछ काम है, चलो काम कर दो। इसके बाद दुकानदार के पुराने घर पर वह काम करने चली गई। दुकानदार ने बेटी का हाथ पकड़ लिया और मुंह बंद कर जबरिया दुष्कर्म किया। इसके बाद बेटी को दर्द होने लगा तो दुकानदार ने उसे मारपीटा और कहा कि अगर किसी से यह बात कहोगी तो तुम्हारे घर वालों को जान से मार देंगे। जिससे बेटी डर गई और किसी से इस बारे में जिक्र नहीं किया।
जब उसकी हालत खराब होने लगी तो उससे पूछताछ किया गया। तो उसने घटना की जानकारी 26 फरवरी को दी। पीड़ित पिता ने बेलहर पुलिस को तहरीर देकर आरोपी पर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में सीओ मेंहदावल राघवेंद्र्र सिंह राठौर ने बताया कि पीड़िता की तरफ से तहरीर मिली है जांच की जा रही है।