सेंटथामस से नेदुला मार्ग को बनवाने के लिए आगणन करवाते हुए नगर पालिका अध्यक्ष
संतकबीरनगर। शहरवासियों को बेहतर सड़क की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए नगर पालिका परिषद ने कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। इसके तहत मोहल्लों की सड़कों को दुरूस्त किए जाने की तैयारी चल रही। सड़कों की नाप जोख का कार्य शुरू भी हो गया है। साथ ही डीपीआर तैयार कराया जा रहा है। सबकुछ ठीक रहा तो आने वाले दिनों में लोगों के आवागमन की मुश्किलें दूर होगी।
नगर पालिका परिषद खलीलाबाद के छोटी सरौली मार्ग, भेली मंडी मार्ग, पुराना जिला पंचायत रोड, औद्योगिक क्षेत्र, कैलाशनगर रोड आदि सड़कें जर्जर हो गई हैं। जिसके कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी झेलनी पड़ रही है। बारिश हो जाने पर इन मार्गों से होकर आना-जाना मुश्किल हो जाता है। पिछले दिनों पालिका अध्यक्ष ने मोहल्लों में जाकर इन मार्गों का जायजा लिया था। अब इन मार्गों के नाप जोख का कार्य शुरू हो गया है। इसके साथ ही डीपीआर तैयार किया जा रहा है।
जल्द ही सड़कों को दुरुस्त करने का कार्य शुरू कराए जाने की उम्मीद है। इससे मोहल्ले के लोगों को टूटी सड़क का दंश नहीं झेलना पड़ेगा। वहीं जलभराव की समस्या से भी मुक्ति मिलेगी। कैलाश नगर निवासी परमात्मा प्रसाद चौधरी, मुन्ना पांडेय आदि ने बताया कि मोहल्ले की सड़कें बदहाल है। अब इसके लिए कदम उठाया गया है तो उम्मीद है कि जल्द ही सड़कें दुरुस्त हो जाएंगी। इससे काफी हद तक समस्या दूर हो जाएगी।