संतकबीरनगर। बेलहरकला थाना क्षेत्र के बरगदवा खुर्द गांव निवासी सूर्यकांत के मौत की गुत्थी अब क्राइम सीन रिक्रिएशन पर टिकी हुई है। कोतवाली पुलिस एक माह के भीतर तीन पर रिमाइंडर विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेज चुकी है। घटना के छह माह बाद भी मौत अबूझ पहेली बनी हुई है।
गत 5 दिसंबर को बेलहरकला थाना क्षेत्र स्थित बरगदवा खुर्द गांव में सूर्यकांत मिश्रा का शव बरामद किया गया था। पोस्टमार्टम के बाद भी जब मामले का खुलासा नहीं हुआ तो बिसरा जांच के लिए भेजा गया। इसके बाद भी इस मामले की गुत्थी नहीं सुलझी। मामला काफी तूल पकड़ा और परिजनों का स्थानीय पुलिस पर भरोसा न होने के वजह से एसपी से मिलकर मुकदमे की विवेचना कही और से कराने की मांग किया है।
जिसके बाद कोतवाली खलीलाबाद में विवेचना स्थानांतरित हुआ। अब मामले की विवेचना कोतवाल पंकज कुमार पांडेय के द्वारा किया जा रहा है। पुलिस जांच में मामला काफी उलझा हुआ देखकर अब क्राइम सीन रिक्रिएशन की तैयारी में जुटी हुई है।
इसके लिए पुलिस की तरफ से एक माह के भीतर तीन बार रिमाइंडर विधि विज्ञान प्रयोगशाला लखनऊ को भेजा गया है। वहां से अभी तक न तो कोई जवाब मिला और न ही क्राइम सीन रिक्रिएशन हो पाया। जिसके वजह से सूर्यकांत की मौत अबूझ पहेली बना हुआ है।