संतकबीरनगर। जिले की तीनों तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें 262 मामले आए, जिसमें से 30 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित को सौंपते हुए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। इस मौके पर अधिकारियों ने कहा कि समाधान दिवस में आने वाली समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समाधान ही इस दिन का उद्देश्य है।
विधायक धनघटा गणेश चंद्र चौहान, डीएम आलोक कुमार व एसपी संदीप कुमार मीना की उपस्थिति में धनघटा तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान डीएम ने एक-एक कर फरियादियों की शिकायतों को सुनते हुए निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए राजस्व विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया।
विधायक गणेश चंद्र चौहान ने कहा कि अधिकारी संबंधित कर्मचारियों के साथ मौके पर जाकर शिकायतकर्ता का पक्ष सुनते हुए उसका निस्तारण करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि फरियादियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण और शिकायतकर्ता की संतुष्टि के प्रति शासन बेहद संवेदनशील हैं। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न की जाए।
डीएम ने शिकायत से संबंधित विभागीय अधिकारी को मौके पर बुलाकर तत्काल निस्तारित करने अथवा भूमि विवाद एवं अन्य किसी विवाद की स्थिति में शिकायतकर्ता सहित सभी पक्षों की उपस्थिति में मौके का स्थलीय निरीक्षण कर निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का त्वरित निस्तारण और शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही संपूर्ण समाधान दिवस का मुख्य लक्ष्य है, इसमें किसी भी प्रकार लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यहां विभिन्न संदर्भों से संबंधित 63 प्रार्थनापत्र प्राप्त हुए, जिसमें से पांच का संबंधित राजस्व अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विभागीय अधिकारियों से प्रकरण की विस्तृत जानकारी लेते हुए तत्काल निस्तारित करवाया गया। शेष प्रकरणों को संबंधित विभाग के अधिकारियों को हस्तांतरित करते हुए तत्काल कार्रवाई कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
कानून एवं व्यवस्था से संबंधित मामलों की सुनवाई पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने किया। उन्होंने थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले में मौके पर जाकर कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुसार यह सुनिश्चित कराया जाए कि पीड़ित पक्ष को त्वरित न्याय मिल सके। इस दौरान सीएमओ डॉ. रामानुज कनौजिया, एसडीएम धनघटा रविकांत चौबे आदि मौजूद रहे।
इसी क्रम में मेंहदावल तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की सुनवाई एडीएम वित्त एवं राजस्व सत्य प्रकाश ने की। उन्होंने राजस्व विभाग सहित अन्य विभागों से संबंधित विभिन्न मामलों को सुनते हुए मामले के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मामलों के निस्तारण में आवश्यकतानुसार स्थलीय जांच की जाए तथा दोनों पक्षों की पूरी बात को गंभीरता से सुनते हुए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित की जाए।
यहां 82 प्रार्थनापत्र आए, जिसमें से मौके पर 13 का निस्तारण कर शेष को संबंधित विभाग के अधिकारियों को हस्तांतरित करते हुए अविलंब गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराए जाने का निर्देश दिया तथा 17 प्रकरणों में मौके का स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार निस्तारण करने के लिए टीम भेजने के लिए निर्देशित किया। इस अवसर पर एसडीएम मेंहदावल अरुण कुमार, तहसीलदार अल्पिका वर्मा आदि उपस्थित रहे।
इसी क्रम में खलीलाबाद तहसील में सीडीओ जयकेश त्रिपाठी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद, जमीन की पैमाईश, अतिक्रमण, वरासत एवं खतौनी में किसी भी प्रकार के त्रृटियों से संबंधित शिकायतों को गंभीरतापूर्वक मौके की जांच कर एवं उभय पक्षों की बात को सुनते हुए नियमानुसार निस्तारित कराया जाए।
यहां 117 प्रार्थनापत्र प्राप्त हुए, जिसमें से मौके पर 12 का निस्तारण कराते हुए अन्य को संबंधित विभाग के अधिकारियों को हस्तांतरित करते हुए निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराए जाने का निर्देश दिया। आठ प्रकरणों में मौके का स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार निस्तारण करने के लिए टीम भेजने के लिए निर्देशित किया गया।
यहां भवानीगाड़ा के नरेंद्र यादव ने ग्राम पंचायत सचिव के गांव में नहीं आने की शिकायत की। इस अवसर पर एसडीएम हृदय राम तिवारी, तहसीलदार आनंद ओझा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।