कोतवाली पुलिस ने बैरमपुर में हत्यारोपियों के घर की कुर्की की-स्रोत पुलिस
संतकबीरनगर। प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली खलीलाबाद पंकज कुमार पांडेय की अगुवाई में बुधवार को पुलिस टीम ने हत्या के मामले में फरार आरोपियों के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार, बैरमपुर के हरिश्चंद्र ने 16 फरवरी 2025 को जमीन विवाद में बेटे अमन की हत्या के आरोप में चार लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
बैरमपुर गांव निवासी ई-रिक्शा चालक अमन दो फरवरी 2025 को लापता हो गया था। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की थी। बाद में पिता हरिश्चंद्र की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही ओमप्रकाश, जयप्रकाश व श्याम व रोहित उर्फ रवि के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। पुलिस विवेचना के दौरान एक अन्य नाम भी प्रकाश में आया था। पुलिस ने नामजद आरोपी रोहित उर्फ रवि व विवेचना के दौरान प्रकाश में आए आरोपी हरिकेश निवासी कटाई को जेल भिजवा दिया था।
नामजद आरोपी ओमप्रकाश, जयप्रकाश व श्याम भूमिगत हो गए थे। पुलिस ने उनके घर पर कई बार दबिश दी लेकिन आरोपी नहीं मिले। कई स्थानों पर दबिश के बाद भी आरोपी नहीं मिले तो पुलिस ने न्यायालय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के यहां अर्जी दी। 5 जनवरी को जारी कोर्ट के आदेश के तहत पुलिस ने बुधवार को आरोपियों के घरों में उपलब्ध चल संपत्तियों की कुर्की की कार्रवाई की।