धनघटा। क्षेत्र के ग्राम पंचायत कटार मिश्र, हकीमपुर, धनघटा में भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती हर्षोल्लास से मनाई गई। इस अवसर पर बाबा साहब की मूर्ति पर माल्यार्पण के बाद क्षेत्र में रैली निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं व पुरुषों ने शिरकत की।
रैली का शुभारंभ कटार मिश्र गांव से हुआ जो क्षेत्र के सिंगरामऊ, बरपरवा, डुहिया खुर्द, कौलही, बेलौरा, सोंडीहा, सोनारी चौराहा, हैंसर बाजार और अहरा होते हुए वापस कटार मिश्र स्थित आंबेडकर पार्क के मैदान में पहुंचकर संपन्न हुई।
रैली के दौरान ''बाबा साहब अमर रहें'' और ''जय भीम'' के नारों से पूरा इलाका गुंजायमान रहा। समापन पर आयोजित गोष्ठी में अमित प्रताप मिश्र ने कहा कि बाबा साहब का अधूरा सपना तभी पूरा होगा जब समाज उनके बताए गए ''शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो'' के मूल मंत्र को अपनाएगा। इसी तरह हकीमपुर में बाबा साहेब की जयंती मनाई गई। इस मौके पर प्रधान प्रतिनिधि राणा प्रताप सिंह ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर गरीबों, शोषितों, पिछड़े समेत सर्व समाज के हितैषी थे।
00000000000000000000
खलीलाबाद में निकाली गई रैली
बुद्धिस्ट सोसाइटी ऑफ इंडिया के संगठन एवं भीमराव आंबेडकर सेवा समिति मिश्रौलिया के बैनर तले खलीलाबाद के मिश्रौलिया वार्ड नंबर-24 से संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की भव्य झांकी निकाली गई। यह ग्राम मिश्रौलिया से मड़या, मोती चौराहा, बैंक चौराहा, गोला बाजार, समय माता स्थान से होते हुए मेंहदावल बाईपास पहुंची। जहां पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया गया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश, शशि कुमार, रवि कुमार, नरेंद्र कुमार, महावीर प्रसाद, सौरव कुमार आदि मौजूद रहे। इसके साथ ही विभिन्न राजनैतिक दलों ने भी बाबा साहब की जयंती मनाई और उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।