मोहद्दीपुर में बनाई जा रही सड़क।
संतकबीरनगर। शहर के सीमा विस्तारित क्षेत्रों में सड़क की दशा सुधारने के लिए पालिका प्रशासन के साथ ही डूडा ने पहल की है। इसके तहत 65 लाख खर्च कर दो सड़कें बनाई जाएंगी। इसमें मोहद्दीनपुर में सीसी रोड बनाने का कार्य शुरू हो गया है, पटखौली में इंटरलॉकिंग सड़क बनाई जाएगी। इन सड़कों के बनने से लोगों को आने-जाने में सहूलियत मिलेगी।
नगर पालिका परिषद खलीलाबाद का सीमा विस्तारण एक अक्तूबर 2020 को हुआ था। इसमें कुल 16 गांव पालिका की सीमा में शामिल किए गए थे। इसमें मोहद्दीनपुर और पटखौली भी शामिल है। शहर में शामिल होने के बाद भी इन क्षेत्रों की सड़कों की स्थिति में सुधार नहीं हो सका है। अब पालिका प्रशासन ने जर्जर हो चुकी सड़कों को ठीक कराने के लिए पहल की है। इसके तहत मोहद्दीनपुर में हरिजन बस्ती जाने वाली सड़क को 40 लाख खर्च कर सीसी रोड बनाया जाएगा।
इसके लिए पालिका प्रशासन ने कार्य शुरू करा दिया है। इस मार्ग के सीसी रोड होने से आने-जाने वाले लोगों को सहूलियत मिलेगी। इस क्षेत्र के निवासी अजय कुमार, राम हित आदि ने कहा कि जर्जर हो चुकी सड़क पर आना-जाना काफी मुश्किल हो गया था।
अब मार्ग सीसी रोड बन रहा है तो आने-जाने की समस्या दूर होने की उम्मीद है। दूसरी तरफ शहर के पटखौली में आने-जाने वाले मार्ग के जर्जर होने से लोगों को हो रही परेशानी दूर करने के लिए डूडा ने पहल की है।
करीब 24 लाख 58 हजार के बजट से मार्ग को इंटरलाॅकिंग कराया जाएगा। इसके लिए प्रक्रिया पूरी हो गई है। जल्द ही इंटरलाॅकिंग का कार्य शुरू हो जाएगा। इस क्षेत्र के निवासी राम निवास, अमित कुमार आदि ने बताया कि मार्ग जर्जर होने से परेशानी हो रही है। मार्ग इंटरलाकिंग कराया जाना है। इससे आने जाने में सहूलियत मिलेगी।