समग्र लोहिया गांव मदरा की खुली बैठक शुक्रवार को प्राथमिक विद्यालय पर की गई। बैठक में जहां वर्ष 2016-17 के लिए कार्य योजना बनाई गई, वही महिला ग्राम प्रधान ने लोगों से खुले में शौच न करके शौचालय का प्रयोग करने की अपील की।
सचिव विनय कुमार ने बताया कि मदरा के बाद इस ग्राम पंचायत का टोला खैरगाड़ इस वर्ष समग्र लोहिया गांव के रूप में चयनित किया गया है। इसमें 25 लोगों को लोहिया आवास देने का लक्ष्य निर्धारित है। इसी के साथ गांव में नाली, सीसी रोड समेत अन्य विकास कार्य कराए जाने है। उन्होंने बताया कि वृद्धा, विधवा, विकलांग पेंशन के लाभार्थियों का चयन भी बैठक में किया जाना है। ग्राम प्रधान पानमती देवी ने कहा कि खुले में शौच करना बीमारी को दावत देने के समान है। सरकार द्वारा शौचालय का निर्माण कराया ही जा रहा है। हमें शौचालय का प्रयोग करके अपने गांव को खुले में शौचालय न करने वाले गांव के रुप में बनाना है। इस मौके पर सभापति चौहान, के सी यादव, इंद्रजीत, हरीराम, रामरेखा, चंदा देवी, अनिल कुमार आदि लोग मौजूद रहे।