बढ़या बाबा गांव में टंकी बनाने के लिए की गयी चहारदीवारी
लोहरौली। जल जीवन मिशन के तहत हर घर स्वच्छ पानी पहुंचाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत विकास खंड बेलहर कला के ग्राम पंचायत बढ़या बाबा में दो वर्ष पेयजल परियोजना पर काम शुरू हुआ, लेकिन अब तक यह परियोजना अधूरी पड़ी है। जिसके कारण बढ़या बाबा गांव के लोगों को स्वच्छ पेयजल से वंचित होना पड़ रहा है।
बढ़या बाबा गांव के निवासी संतोष, बहरैची, रमायन, लल्लू, रामनाथ, सोमई, शिवप्रसाद, बुद्धन, पंचलाल, गंगाराम ,रामफेर, राजेंद्र आदि लोगों ने बताया की दो वर्ष पूर्व स्वच्छ पेयजल के लिए परियोजना शुरू की गई। लोगों को उम्मीद थी कि परियोजना पूर्ण होने पर लोगों को स्वच्छ पेयजल मिलेगा। वर्तमान स्थिति यह है कि गांव में पाइपलाइन बिछाई गई है और नलकूप भी स्थापित किया गया।
बिजली आपूर्ति के लिए सोलर पैनल भी लगाए गए, लेकिन टेस्टिंग के दौरान लीकेज होने के बाद से ही कार्यदायी संस्था ने इस पर ध्यान देना छोड़ दिया है। ऐसे में गांव के लोगों को स्वच्छ पेयजल के लिए परेशान होना पड़ रहा है। गांव के लोगों ने मांग किया कि जल्द से जल्द परियोजना को पूर्ण कराते हुए जलापूर्ति शुरू कराया जाए, ताकि गर्मी में लोगों को राहत मिल सके।