संतकबीरनगर। परिषदीय विद्यालयों में प्रेरणा पोर्टल पर नामांकन की बेहद धीमी प्रगति पर बीएसए अमित कुमार सिंह ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और प्रेरणा पोर्टल पर शून्य नामांकन दिखने वाले प्रधानाध्यापकों को चेतावनी दी है। बीएसए ने इस लापरवाही को प्रदेश स्तर पर जिले की छवि खराब होने का कारण बताया है।
खंड शिक्षा अधिकारियों को संबोधित नोटिस में बीएसए ने कहा है अप्रैल 2026 से ही नामांकन की प्रक्रिया चल रही है, इसके बावजूद प्रगति निराशाजनक है। उन्होंने बताया कि पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों के हिसाब से बघौली ब्लॉक में 151, बेलहरकला में 80, हैंसर बाजार में 157, खलीलाबाद में 258, मेंहदावल में 124, नाथनगर में 193, पौली में 58, सांथा में 145 व सेमरियावां में 152 विद्यालयों में अभी नामांकन की स्थिति अत्यंत खराब है।
इन स्कूलों में कक्षा-1 और कक्षा-6 में एक भी दाखिला नहीं दिखाई दे रहा है। बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारियों को तत्काल प्रभावी कार्ययोजना बनाने व नामांकन बढ़ाने का निर्देश दिया है। साथ ही बीएसए ने उन स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को जिम्मेदार ठहराया गया है, जहां प्रेरणा पोर्टल पर कक्षा 1 और 6 में शून्य नामांकन दर्ज है। बीएसए ने कहा कि यह शिक्षकों की पदीय दायित्वों के प्रति घोर शिथिलता और लापरवाही को दर्शाता है। प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया गया है कि वे तुरंत नामांकन की संख्या बढ़ाएं और उसे प्रेरणा पोर्टल पर दर्ज करें। चेतावनी दी गई है कि अगर समय रहते यह काम पूरा नहीं हुआ तो संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।