नाथनगर ब्लॉक सभागार में गुरुवार को प्रधान संघ की बैठक हुई। बैठक में आर्थिक, सामाजिक और जाति गणना के आधार तैयार की गई पात्रता सूची में की गई गड़बड़ियों को अविलंब ठीक कराने की मांग की गई। बैठक में कई गांव के ग्रामीणों का नाम न होने की बात सामने आई। प्रधान संघ के ब्लॉक अध्यक्ष राजमन यादव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में इस पात्रता सूची की कमियों से डीएम को अवगत कराने का निर्णय लिया गया।
ब्लॉक अध्यक्ष राजमन यादव ने कहा कि वर्ष 2011 में कार्यालयों में ही बैठकर ही आर्थिक, सामाजिक गणना का कार्य कर दिया गया था। इसकी कई बार शिकायत जनपद के उच्चाधिकारियों से किया गया था, लेकिन जनपद के उच्चाधिकारी सुनकर अनसुना करते गए। अब उसी अधार पर गांवों में आवास की पात्रता सूची जारी कर दी गई है। जिसके कारण आज गांवो के गरीब आवास के पात्रता सूची से गायब है। जिसकी बानगी लोहिया समग्र गांव सतहरा में देखने को मिल सकती है। जहा गांव के किसी भी ब्यक्ति का नाम सूची में अंकित नहीं है।
इसी तरह नाथनगर ब्लाक क्षेत्र के चोलखरी, तिनहरी, बैरागीपुर, किशुनपुर, धोलवा, भिटी खुद्र, भीटी माफी, भिटीनी खुर्द, भैसही खुर्द, सिसवनिया, तिघरा, धोरहट, कड़सर, पदुमपट्टी, धायपोखर ग्राम पंचायत का राजस्व पुरवा रामपुर, ललाईन पुरवा, बडी हरिजन बस्ती, भैसही उर्फ भैसवरिया का राजस्व गांव चेरापुर, भैसहीजोत खुर्द तथा पियारे पुर, पियारेपुर जोत कालू आदि गांव के ग्रामीणों का नाम ही सूची में अंकित नहीं किया गया है। ग्राम प्रधानों ने इस संबंध में एक प्रस्ताव तैयार कर जिलाधिकारी को सौपने का निर्णय लिया। बैठक में ग्राम प्रधान मनोज तिवारी, आलोक तिवारी, ग्रीस यादव, रणधीर उर्फ भोले सिंह, विनोद यादव, बेचई यादव, अवधेश उर्फ बबलू मौर्य, रामनिवास, रंजीत गुप्ता आदि मौजूद रहे।