जिला अस्पताल में दवा के लिए मरीजों की लगी लाइन-संवाद
संतकबीरनगर। कोहरा और सर्द हवा से ठिठुरन बढ़ गई है। इस मौसम में हृदय और सांस की बीमारियों से पीड़ित मरीजों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। जिला अस्पताल की ओपीडी और इमरजेंसी में प्रतिदिन हृदय व उच्च रक्तचाप की समस्या से पीड़ित 30 मरीज आ रहे हैं। चिकित्सक इलाज कर रहे हैं। साथ ही ठंड के मौसम में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
सर्दी का सितम बढ़ने से सांस के रोगियों की परेशानी बढ़ रही है। जिला अस्पताल में हृदय रोग विशेषज्ञ न होने के कारण मरीजों को फिजिशियन से इलाज कराना पड़ रहा है। इन मरीजो की थोड़ी सी लापरवाही से जान जोखिम में पड़ रही है। इसके साथ ही सीएचसी पीएचसी पर भी मरीजों की संख्या बढ़ गई है। सीएचसी में विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों को जिला अस्पताल रेफर कर रहे हैं।
वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. रमाशंकर ने बताया कि हार्टअटैक का मुख्य कारण हाई ब्लडप्रेशर है। इसकी मुख्य वजह सर्दी के मौसम में शरीर की सक्रियता का कम होना है। इससे रक्त का दबाव बढ़ जाता है और हार्ट अटैक की आशंका अधिक हो जाती है। ऐसे में मरीज सावधानी बरतें। बुजुर्गों में बीमारी से लड़ने की क्षमता कम होती है इसलिए उन्हें भोजन में अधिक तेल-मसाले वाले खाने की जगह हल्का व पौष्टिक खाना लेना चाहिए। हरी सब्जी, दाल व रोटी का अधिक इस्तेमाल करें। गर्म कपड़े पहनें व व्यायाम करें। इसके अलावा खांसी, बुखार व अन्य बीमारी से पीड़ित 1200 मरीज प्रतिदिन ओपीडी में दवा लेने आ रहे हैं।
0
ये सावधानी बरतें
- मीठा, नमकीन, खट्टा कम खाएं।
- ठंड बढ़ने पर धूप में जरूर बैठें।
- उच्च रक्तचाप होने पर धूप में न निकलें।
- शराब के सेवन से बचें।
- शरीर का वजन न बढ़ने दें।
- तनाव को दिमाग पर हावी न होने दें।
- बाहर निकलने से बचें।