मगहर। मगहर के कबीर चौरा स्थित संत कबीर की समाधि परिसर में सोमवार को देर शाम महंत विचारदास की अध्यक्षता में गुरुपूजा व चौका आरती का कार्यक्रम हुआ। इसमें भरूच गुजरात से आए संत कबीर के 134 अनुयायियों ने महंत विचारदास की गुरुपूजा व चौका आरती की और आशीर्वाद लिया।
इस दौरान महंत विचार दास ने कहा कि कर्म का हिसाब संसार में आने के बाद देना पड़ता है। किसी को ऐसा बचन न बोलें, जिससे उसे कष्ट होता हो। कबीर साहेब ने कहा है कि ऐसी बानी बोलिए मनका आपा खोए...औरन को शीतल करे आपहु शीतल हो। हमेशा मीठी बानी बोलने की बात सद्गुरु साहेब ने कही है। आज कबीर साहेब के बताए हुए सदमार्गों पर चलने की जरूरत है।
सद्गुरु कबीर साहेब का आशीर्वाद मिलेगा तो जीवन धन्य हो जाएगा। अंत में प्रसाद वितरण का कार्यक्रम हुआ। गुजरात प्रांत के भरूच से आए कबीर भक्त बालू भाई ने बताया कि ईश्वर की मन्नत थी तो भरूच गुजरात से श्री सदगुरू सेवा मंडल से 134 भक्त आए। यहां आकर महंत विचार साहेब की गुरुपूजा और आरती की गई। उनके साथ जिग्नेश भाई, बालू भाई, जयंती भाई, तुलसी दास, पुरुषोत्तम आदि आए थे। इस दौरान डॉक्टर हरिशरण शास्त्री, संत अरविंद दास शास्त्री, संत बैद्य रामशरण दास, संत शांति दास पुजारी, विनोद दास आदि मौजूद रहे।