संतकबीरनगर/कांटे। कोतवाली क्षेत्र के पिपरा कला गांव में शनिवार की रात बदमाशों के पहुंचने पर ग्रामीणों ने शोर मचाया। इस पर बदमाशों ने हवा में गोलियां चलाकर दहशत फैला दी। बदमाश वहां से भाग गए। बाद में हाईवे के किनारे छत के सहारे एक व्यक्ति के घर में घुस गए। कमरे में सोए लोगों के दरवाजे को बाहर से बंद करके घर में रखे लाखों रुपये के गहने और नकदी ले उड़े।
ग्रामीणों ने बताया कि पांच की संख्या में बदमाश गांव के चंद्र प्रकाश चौधरी की छत के चढ़ गए थे। खटपट की आवाज सुनकर चंद्र प्रकाश और उनके परिवार के लोगों ने शोर मचाया। आस-पास के ग्रामीण भी वहां पहुंच गए। ग्रामीणों ने बदमाशों को घेरकर पकड़ने की कोशिश की। बदमाश हवाई फायरिंग की। गोली शौचालय की दीवार को छूते हुए निकल गई। फायरिंग से ग्रामीण सहम गए और बदमाश भागने में सफल हो गए। मौके पर एक बदमाश का लाल रंग का गमछा गिर गया। सूचना पर रात में कोतवाल और कांटे चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने ग्रामीणों से घटना के बारे में पूछताछ की और फिर वापस लौट गई। इस घटना के एक घंटे के बाद बदमाश खेत के रास्ते होते हुए हाईवे के किनारे घर बनवाए ओमप्रकाश पुत्र रामबदन के वहां पहुंच गए। बदमाश पड़ोस के रामनाथ पुत्र छोटेलाल की रेलिंग से होकर ओम प्रकाश के मकान की छत पर चढ़ कर अंदर प्रवेश कर गए। अलग-अलग कमरे में सोए लोगों के दरवाजे को बाहर से बंद कर दिया। उसके बाद घर से नकदी और गहने उड़ा लिए।
गणेश अग्रहरि ने बताया रात करीब 12 और एक बजे के बीच में कुछ बदमाश उनकी छत पर दरवाजा खोल कर अंदर घुस गए। परिजनों के कमरों के दरवाजों को बाहर से बंद कर दिया। बदमाश उसके घर से आठ अदद सोने की जंजीर, सोने के तीन हार, सोने के चार मंगलसूत्र, चांदी की 11 पायलें, चांदी की तीन पाजेब, सोने का दो मांग टीका, सोने की नौ अंगूठियां, कान का झाला व अन्य जेवरात उठा ले गए। बदमाश उनके घर से करीब 15 लाख रुपये के जेवरात और दो लाख रुपये नकद उठा ले गए। घर से 200 मीटर पूरब स्थित बगीचे में बदमाशों ने एक टॉर्च और जेवरात के रखे खाली बैग को छोड़ा था।
रात में सूचना देने पर 112 नंबर की पुलिस के अलावा कोतवाल और कांटे चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे। रविवार को एएसपी संतोष कुमार सिंह, सीओ दीपांश राठौर और फॉरेंसिंक टीम मौके पर पहुंची और जांच की। ग्रामीणों ने बताया कि चौराहे से मात्र कुछ ही दूरी पर पुलिस सहायता केंद्र है, जहां पुलिसकर्मियों की ड्यूटी भी रहती है। जिस दुस्साहस के साथ बदमाशों ने वारदात की है, उसे पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठना लाजमी है। कोतवाल सर्वेश राय ने बताया कि हवाई फायरिंग की बात ग्रामीणों ने बताई है। दूसरी जगह चोरी की घटना हुई है। इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई है। जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।