धर्मसिंहवा/संतकबीरनगर। रविवार को पुलिस ने शिवसेना के जिलाध्यक्ष पर रंगदारी मांगने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया। आरोप है कि जड़ी-बूटी बेचने वाले परिवार को मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर आरोपी ने 50,000 रुपये की रंगदारी ले ली थी। इतना ही नहीं, उस परिवार की महिला से 50,000 रुपये की और रंगदारी की मांग करने का आरोप है। परेशान होकर महिला ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी।
मेंहदूपार गांव निवासी जुवैदा ने बताया कि उनके पति शाकिर अली जड़ी-बूटी बेचते हैं। आरोप है कि गांव के विपिन चंद्र शुक्ला उर्फ अमित सरकार उनके घर आए और कहा कि उसके पति दवा बनाते हैं। उसके बदले में उन्होंने 20,000 रुपये की मांग की। कहा कि रकम नहीं मिलने पर वह मुकदमे में फंसवा देंगे। डर के कारण वह विपिन चंद्र शुक्ला को महिला ने 20,000 रुपये दे दिए। उसके बाद विपिन चंद चले गए। आरोप है कि 20 दिन बाद फिर विपिन चंद्र फिर महिला के घर पहुंचे और 30,000 रुपये की मांग की। मांग पूरी नहीं करने पर महिला के पति को मुकदमे में फंसाकर बर्बाद कर देने की धमकी दी।
महिला के अनुसार, उसने अपने पति को बिना बताए ही 30,000 रुपये विपिन चंद्र को दे दिए। आरोप है कि 20 अप्रैल की सुबह विपिन चंद्र फिर उसके घर आए और कहा कि 50,000 रुपये दे दो, नहीं तो तुम लोगों को फंसा देंगे। आजिज आकर महिला ने पति को सारी बात बताई। उसने विपिन चंद शुक्ला से कहा कि अब रुपये नहीं हैं। महिला ने बताया कि विपिन चंद्र शुक्ल खुद को शिवसेना का जिलाध्यक्ष बताते हैं। मुकदमे में फंसाने का भय दिखाकर बार-बार रंगदारी की मांग करते हैं। जिस समय उन्होंने विपिन चंद्र को रुपये दिए, उस दौरान का वीडियो भी है। दूसरी बार फोटो खींची गई है। एसओ अनिल कुमार ने बताया कि आरोपी व्यक्ति शिवसेना का जिलाध्यक्ष है और महिला के पति को मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर 50,000 रुपये ले चुका है।
इसके बाद और रुपये की मांग कर रहा है। इस मामले में आरोपी विपिन चंद्र शुक्ला पर रंगदारी मांगने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसओ अनिल कुमार ने बताया कि पीड़ित महिला के पति के पास कोई डिग्री नहीं है। वह जड़ी-बूटी दुकान से खरीदकर लाता है और उसी से दवा बना कर जरूरतमंदों में बेचता है। इसी वजह से आरोपी महिला के परिवार को मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर रंगदारी ली गई है और आगे और रुपये की मांग आरोपी कर रहा था। विवेचना से जो तथ्य सामने आएगा, आगे वैसी कार्रवाई की जाएगी।
आरोपी बोला, महिला का पति लोगों को बनाता है ठगी का शिकार
रंगदारी के मामले में आरोपी बनाए गए शिव सेना के जिला प्रमुख विपिन चंद्र शुक्ला का कहना है कि महिला ने उनके खिलाफ झूठा आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया है। महिला का पति दवा के नाम पर जड़ी-बूटी बेचकर लोगों को ठगी का शिकार बनाता है। उनके एक परिचित की पत्नी का महिला के पति ने इलाज किया था। बाद में उनके परिचित की पत्नी की मौत हो गई। उसी के उपचार में लिए गए पैसे को वापस कराया। फिर कुछ लोगों की साजिश से उनके ऊपर रंगदारी का आरोप मढ़ कर मुकदमा दर्ज करा दिया।