मुखलिसपुर चौराहे पर कपड़े की खरीदारी करतीं महिलाएं।
संतकबीरनगर। सहालग में इस बार मैचिंग कपल ड्रेस का जादू चल रहा है। डिजाइनर से खास मैचिंग परिधान तैयार कराए जा रहे हैं। शोरूम ने दूल्हा और दुल्हन के मैचिंग परिधान लांच किए हैं। ऐसे में बाजार में भी दूल्हा-दुल्हन के लिए कई प्रकार के परिधान चलन में हैं।
जयपुरिया शूट, कोट पैंट, साड़ी, लहंगा, गाउन साड़ी, स्कर्ट स्टाइल साड़ी आदि पसंद की जा रही है। वहीं कुछ जोड़े अपनी पसंद के कपड़े भी डिजाइन करा रहे हैं।
बराती हो या घराती, लेनदेन के रिवाजों से लेकर खुद को सुंदर दिखाने के लिए लोग सुंदर से सुंदर परिधान खरीदने के लिए बाजार का रुख करते हैं। इस समय मैचिंग ड्रेस कपल के परिधानों का चलन बढ़ा है। अधिकांश दूल्हा-दुल्हन सगाई और शादी में एक ही रंग-ढंग के कपड़े पहन रहे हैं।
वहीं, परिजन भी जयपुरिया सूट, कोट-पैंट, साड़ी, सफारी सूट, लहंगा, इंडो वेस्टर्न साड़ी, गाउन साड़ी, स्कर्ट स्टाइल साड़ी आदि पसंद कर रहे हैं। कपड़ा दुकानदारों का कहना है कि कुछ जोड़े अपनी पसंद के कपड़े भी डिजाइन करवा रहे हैं।