धर्मसिंहवा। क्षेत्र के मेंहदूपार गांव में हुई मजदूर की मौत अत्यधिक शराब पीने और चोट लगने से हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस बात का खुलासा हुआ है। धर्मसिंहवा क्षेत्र के मेंहदूपार गांव निवासी अजय कुमार (32) पुत्र जंगबहादुर बृहस्पतिवार को सिद्धार्थनगर जनपद के कलनाखोर गांव में मजदूरी करने के लिए गया था। दोपहर में जब वह आया तो अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई। जिसके बाद उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि अजय काम करने के बाद घर लौटा और खाना खाने बैठते समय चारपाई से गिरा और उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी होने के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह बात सामने आई कि उसने अधिक मात्रा में शराब पी रखी थी। शरीर पर चारपाई से गिरने पर चोट के निशान भी मिले हैं। पुलिस के मुताबिक इस मामले में परिजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गइ् है। इसके चलते कोई कार्रवाई नहीं की गई। अगर तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।