मेंहदावल। मेंहदावल तहसील क्षेत्र के जोरवा गांव में कलश यात्रा के साथ नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ की शुरुआत हुई। इस दौरान भारी संख्या में श्रद्धालु कलश यात्रा में शामिल हुए और भागवत पुराण का पूजन अर्चन किया।
कथा प्रवक्ता आचार्य धनन्जय के निर्देशन में जोरवा गांव में कथा के मुख्य यजमान व गन्ना विकास इंटर काॅलेज खलीलाबाद के पूर्व प्रधानाचार्य वीरेन्द्र नाथ पांडेय के यहां आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के लिए शनिवार को कलश यात्रा निकाली गयी। इस दौरान मुख्य यजमान वीरेन्द्र पांडेय ने श्रीमद्भागवत पुराण को पूजन-अर्चन के साथ सिर पर रखा। वहीं कलश लेकर केवला देवी, आरती पांडेय व गांव की अन्य महिलाएं गाजे-बाजे की धुन पर झूमते हुए राप्ती के तट पर पहुंचे।
वहां पर कलश में राप्ती का पवित्र जल भरा गया तथा उसे कथास्थल पर लाया गया। विधि प्रकार से पूजन के बाद कलशों को आचार्य धनन्जय के द्वारा रखवाया गया तथा पूजन कराया गया। इस दौरान सत्येन्द्र नाथ पांडेय, हरिशंकर पांडेय, पप्पू पांडेय ,शिवांगी, राजमती के साथ ही ग्राम प्रधान रतन आदि लोग उपस्थित रहे।