संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की बैठक बृहस्पतिवार को मौलाना आजाद इंटर कॉलेज खलीलाबाद में हुई। इसमें वेतन, बोनस व महंगाई भत्ते के भुगतान का मुद्दा उठा। प्रदेश मंत्री संजय द्विवेदी ने कहा कि वेतन, बोनस व महंगाई भत्ते का समय से भुगतान नहीं हो रहा है। छह माह से अधिक समय हो गया है एनपीएस अपडेट नहीं किया गया है। शिक्षक समस्याओं को लेकर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ का प्रतिनिधिमंडल जिला विद्यालय निरीक्षक से मिलेगा।
जिला अध्यक्ष महेश राम ने कहा कि जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से प्राप्त सूचना के अनुसार, अनेक विद्यालय समय से वेतन व डीए बिल प्रस्तुत नहीं कर रहे हैं। इससे कठिनाई हो रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षक समय से भुगतान संबंधी बिल जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में उपलब्ध करा दे।
प्रहलाद राय बालिका इंटर कॉलेज की लीला बरनवाल व हरिहरपुर इंटर कॉलेज के दीप्तिमान के सामूहिक जीवन बीमा का भुगतान नहीं हो रहा है। जिला मंत्री गिरिजानंद यादव ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए तीनों तहसीलों के विद्यालयों में भ्रमण किया जाएगा।
शिक्षक निर्वाचन के लिए 1300 से अधिक मतदाताओं की सूची तैयार की गई है। इस दौरान अब्दुल मुदस्सर खान, जय प्रकाश, विजय कुमार यादव, महेश्वर सिंह, मुकेश शुक्ला, कलीमुल्लाह, अकील, नदीम अहमद खान, धर्मेंद्र, अब्दुल हक, ताहिर, अभय शंकर, मोईज, काजी साकिब रहमान आदि मौजूद रहे।