धनघटा। होली के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग की टीम सतर्क हो गई है। डॉक्टर, फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स, वार्ड बॉय, एंबुलेंस और सफाईकर्मी अस्पताल पर हमेशा मौजूद रहेंगे।
धनघटा क्षेत्र में होली का पर्व पर आते ही मारपीट की घटनाएं आम हो जाती हैं। कब कौन घटना हो जाए इसका कोई अंदाजा नहीं है। इन्हीं सब बातों को ध्यान में रखकर स्वास्थ्य विभाग इस वर्ष पूरी सतर्क हो गया है। डॉक्टरों की छुट्टी जहां बंद कर दी गई है। वहीं फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स, वार्ड बॉय, एंबुलेंस 24 घंटे के लिए अस्पताल पर रहने का फरमान जारी किया गया है।
वैसे होली के तीन दिन पूर्व से ही यहां मारपीट की घटनाएं होने लगी हैं। क्षेत्र के कुशफरा गांव में शनिवार की शाम दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में दोनों तरफ से 12 से अधिक लोग घायल हो गए थे। जिन का उपचार रविवार को भी जारी रहा। इन्हीं सब घटनाओं को ध्यान में रखकर स्वास्थ्य विभाग ने अपनी तैयारी मुकम्मल कर ली है। 24 घंटे के भीतर किसी भी तरह की स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम हमेशा तैयार रहेगी। कोई भी स्वास्थ्य कर्मी होली पर अवकाश पर नहीं जाएगा।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलौली के अधीक्षक डॉक्टर जितेंद्र चौधरी का कहना है कि सभी डॉक्टर अस्पताल पर मौजूद रहेंगे। फार्मासिस्ट, वार्ड बॉय, एंबुलेंस, स्टाफ नर्स, सफाईकर्मी हमेशा अस्पताल में मौजूद रहेंगे। उन्होंने बताया कि किसी भी तरह की अप्रिय घटना होने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंचेगी।