फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sant Kabir Nagar News: सड़क के चौड़ीकरण और ओवरब्रिज निर्माण की आस रह गई अधूरी

Sun, 25 Jan 2026 01:08 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, संत कबीर नगर
विज्ञापन
धनघटा-खलीलाबाद मार्ग का होना है चौड़ीकरण-संवाद
विज्ञापन
संतकबीरनगर। नंदौर-खलीलाबाद-न्योरी मार्ग का चौड़ीकरण और धनघटा में ओवरब्रिज की आस अब भी अधूरी है। इस सड़क के चौड़ीकरण के लिए डीपीआर तैयार कर शासन को भेजी गई है। इसके निर्माण पर 1023 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है, लेकिन अब तक कार्य शुरू नहीं हुआ है। इससे लोगों में मायूसी दिख रही है।
विज्ञापन

नेशनल हाईवे 328 ए के चौड़ीकरण की घोषणा करीब ढाई साल पहले केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने की थी। डीपीआर तैयार करने में लगी दो एजेंसियों के बीच आपसी खींचतान में डीपीआर समय से तैयार नहीं हो सकी। डीएम के हस्तक्षेप के बाद नए सिरे से सर्वे का कार्य कराया गया और डीपीआर तैयार कर शासन को भेजी गई। योजना के मुताबिक, नंदौर से खलीलाबाद होते न्योरी तक 79 किमी लंबे मार्ग को आठ मीटर से बढ़ाकर 12 मीटर चौड़ा किया जाना है। इससे एक साथ कई वाहन निकल सकेंगे। इस मार्ग के निर्माण में 63.675 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाना है। इसकी तैयारी चल रही है।


दो बाईपास का होना है निर्माण
नंदौर-खलीलाबाद-न्योरी मार्ग के निर्माण के साथ ही खलीलाबाद शहर में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए दो बाईपास के निर्माण का प्रस्ताव है। इनमें मेंहदावल मार्ग के बालूशासन से धनघटा मार्ग के चकदही तक 14.10 किलोमीटर लंबा हाईवे बनेगा। इसकी भी मंजूरी हो चुका है, जबकि मंझरिया-कटबंध होकर एक और बाईपास बनाए जाने की योजना है। इससे वाहन खलीलाबाद शहर में आने की बजाय बाईपास से होकर निकल जाएंगे, जिससे शहर में जाम की समस्या नहीं होने पाएगी।
विज्ञापन


धनघटा में 700 मीटर ओवरब्रिज बनेगा
नंदौर-खलीलाबाद-न्योरी मार्ग पर धनघटा के राम जानकी मार्ग पर 700 मीटर लंबा ओवरब्रिज बनाए जाने की योजना है। इसके बनने से धनघटा चौराहे पर जाम की समस्या से लोगों को निजात मिलेगी। इस मार्ग के चौड़ीकरण से अंबेडकरनगर की तरफ आने-जाने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी।
दो एजेंसियों की खींचतान में फंसी रही डीपीआर
नंदौर-धनधटा-न्योरी मार्ग दो जिलों संतकबीरनगर और अंबेडकरनगर को जोड़ता है। इसके सर्वे व डीपीआर तैयार करने के लिए दो एजेंसियों को जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन दोनों एजेंसियों में आपसी तालमेल का अभाव बना रहा, जिसके कारण देरी हुई। बाद में डीएम के हस्तक्षेप के बाद मामला सुलझा, तब जाकर डीपीआर तैयार हो पाई।
-

धनघटा चौक पर ओवरब्रिज बनना नितांत आवश्यक है। ओवरब्रिज बन जाने से जाम की समस्या से निजात मिलेगी और यहां होने वाले हादसाें पर अंकुुश लग जाएगा। -रामकरन विश्वकर्मा, व्यापारी
ओवरब्रिज बनने से कई तरह के फायदे होंगे। यातायात जहां आसान हो जाएगा वहीं पर हादसा कम हो जाएगा। पटरी दुकानदारों को भी इसका लाभ मिलेगा। -प्रदीप अग्रहरि, धनघटा


धनघटा में ओवरब्रिज बनाए जाने की बात लंबे समय से चल रही है, लेकिन यह परियोजना धरातल पर नहीं उतर सकी है। सड़क का चौड़ीकरण व ओवरब्रिज का निर्माण होना बहुत जरूरी है। इस पर जनप्रतिनिधियों को ध्यान देना चाहिए। -रामकेश यादव, धनघटा
घाघरा नदी के बिड़हर घाट पर पुल का निर्माण हो जाने के बाद इस रास्ते बड़ी संख्या में भारी वाहन आते-जाते हैं। इससे यह रास्ता हमेशा व्यस्त रहता है और लोगों को आने जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। यहां ओवरब्रिज की सख्त जरूरत है। -शिव शंकर मिश्रा, धनघटा
0
नंदाैर-खलीलाबाद-न्योरी मार्ग के चौड़ीकरण के लिए डीपीआर भेजी गई है। इस संबंध में कार्यदायी संस्था से प्रगति की रिपोर्ट मंगाई जाएगी। कार्य जल्द शुरू हो, इसके लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। -आलोक कुमार, डीएम

धनघटा-खलीलाबाद मार्ग का होना है चौड़ीकरण-संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें