तो खत्म हो जाएगी आतंकवाद की फैक्ट्री
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। पुलवामा में हुए आतंकी हमले के बाद मंगलवार को भारतीय वायुसेना का पराक्रत दिखा। वायु सैनिकों ने पाकिस्तान में घुसकर आतंकी कैंपों को निशान बनाया। इसकी खबर फैलते ही लोग खुशी से झूम उठे। सभी ने वायुसेना सैनिकों को सलाम किया और कहा कि इस कार्रवाई ने देश का सिर ऊंचा किया है।
रजनीश वैद्यनाथ ने कहा कि पुलवामा में आतंकवादी हमले के बाद देश की जनता आक्रोशित थी। लोग इंतजार कर रहे थे कि भारत की सेना कम पलटवार करेगी। मंगलवार को वह समय आ गया, जब भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तान में घुसकर आतंकी कैंपों में हमला किया। इससे पूरे देश की उम्मीदें पूरी हुई है।
अंकुर अग्रवाल ने कहा कि पुलवामा हमले के बाद से ही पाकिस्तान के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही थी। प्रधानमंत्री भी लगातार कह रहे थे बदला लिया जाएगा। अब वायु सैनिकों ने पाकिस्तान को सबक सिखाया है। इससे देशवासियों का सिर गर्व से ऊंचा हो गया है। सुनीता मोदनवाल ने कहा कि भारतीय वायु सैनिकों के पाकिस्तान में घुसकर आतंकवादी कैंपों को नष्ट करना स्वागत योग्य कदम है। इससे पाकिस्तान की नींद उड़ गई है।
पाकिस्तान को अब यह समझ में आ गया है कि यदि उसने फिर गलती की तो उसका खामियाजा उसे भुगतना पड़ेगा। कमलजीत कौर ने कहा कि पुलवामा में हमला कर जिन लोगों ने यह सोचा था कि उन्हें कामयाबी मिली है तो उनकी यह सबसे बड़ी गलती है। भारतीय वायु सैनिकों ने पाकिस्तान में घुसकर जो कार्रवाई की है, उससे पाकिस्तान की रूह कांप गई है।