जिला अस्पताल में मृतक हसीम अमानुल्लाह खान के परिजन गमगीन खड़े।
संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद के गड़सरपार चौराहा पर मंगलवार को दिन में स्कार्पियो सवार मनबढ़ों ने कार सवारों को रोककर उनकी हाॅकी-डंडा आदि से पिटाई कर दी। मारपीट में एक युवक की मौत हो गई। परिजन हत्यारोपियों की गिरफ्तारी तक पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिए। हालांकि बाद में पुलिस के आश्वासन पर पोस्टमार्टम कराने को तैयार हुए।
एसपी सत्यजीत गुप्ता ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और जिला अस्पताल पहुंचकर परिजनों से घटना की जानकारी ली। मामले में पुलिस ने चार नामजद समेत आठ आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। भरपुरवा गांव निवासी अमानुल्लाह खान ने बताया कि मंगलवार को समय करीब 11:30 बजे वह अपने वाहन से दुकान बंगलाताल चौराहे पर जा रहे थे। उनके साथ लड़का हासिम और गांव के ही मुस्तफा वाहन पर बैठे थे। रास्ते में गड़सपार चौराहे पर गांव के ही नाजिम खान उनके वाहन के सामने अपनी स्कार्पियो गाड़ी लाकर खड़ी कर दी। नाजिम, इसराईल व चार अन्य लोग हाॅकी व डंडा लेकर उनको गाली देते हुए उनको कार से उतरने के लिए कहा।
वह अपने लड़के हासिम के साथ जैसे ही कार से उतरे तो नाजिम, इसराईल और चार अन्य अज्ञात लोगों ने उन्हें और लड़के को पीटने लगे। हासिम को गंभीर चोटें आई और वह बेहोश हो गया तो विपक्षी स्कार्पियो में बैठकर भाग गए। वह अपने लड़के को किसी तरह से जिला अस्पताल लाए, जहां मृत घोषित कर दिया। उनके व नाजिम के बीच पूर्व में भी विवाद हुआ था। जिसकी सूचना थाने व पुलिस उच्चाधिकारियों को भी दी थी।