मेंहदावल। नगर पंचायत में अध्यक्ष तथा सभासदों के बीच विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। एक तरफ जहां अध्यक्ष पति ने सभासदों पर प्रधानमंत्री आवास में वसूली का आरोप मढ़ा है। वहीं दूसरी तरफ सभासदों ने बृहस्पतिवार को अध्यक्ष व उनके पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है।
मालूम हो कि 20 मई को नगर पंचायत बोर्ड की बैठक के दौरान अध्यक्ष पति/प्रतिनिधि के बैठने को लेकर सभासदों ने आपत्ति दर्ज कराई थी। इसपर अध्यक्ष अपने पति के साथ बैठक छोड़कर वापस चली गई थी। इसके कारण बोर्ड की बैठक संपन्न नहीं हो पाई और सभासद इस मामले को लेकर नगर पंचायत कार्यालय पर धरने पर बैठ गए थे।
मामले की शिकायत सभासदों ने डीएम से भी की थी। इस पर अध्यक्ष प्रतिनिधि रमेश निषाद ने नगर पंचायत के सभासदों पर प्रधानमंत्री आवास के नाम पर धन उगाही का आरोप लगाते हुए कहा था कि जनता की ओर से लगातार सभासदों की शिकायत अध्यक्ष के पास आ रही है।