धनघटा। क्षेत्र के लोहरैया पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम बारीडीहा में शनिवार की दोपहर बाद घर के एक कमरे में 28 वर्षीय विवाहिता का शव छत की कुंडी से लटकता मिला। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने शव का संस्कार कराने से रोक दिया।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी पूनम देवी पत्नी जगजीवन अपने दो बच्चों अंशुमान (7) व नित्या (4) के साथ अकेली घर पर रहती थी। महिला के ससुर व दो ननद गांव के बाहर बने दूसरे मकान में रहते हैं। शनिवार को दोपहर बाद पूनम का एक रिश्तेदार घर पर पहुंचा। उसने देखा कि घर के कमरे में पूनम छत की कुंडी से लटकी हुई थी। शोर सुनकर आसपास के लोग भी एकत्र हो गए। ससुर मुन्नीलाल व ननद कशिश व रितिका भी मौके पर पहुंच गईं। महिला की मौत से लोग सकते में आ गए।
इस बीच महिला के शव को दाह संस्कार के लिए बिड़हरघाट ले जाया गया। लेकिन इस बीच सूचना पर मृतका के मायके से पिता व भाई भी बिड़हरघाट पहुंच गए। उन्होंने शव को दाहसंस्कार करने से मना कर दिया। मृतका का मायका गोरखपुर जनपद के बेलघाट स्थित ग्राम गोधना में है। उसकी शादी आठ वर्ष पूर्व हुई थी। प्रभारी निरीक्षक धनघटा राम कृष्ण मिश्र ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेजा जा रहा है। तहरीर नहीं मिली है।