मेंहदावल। विकास क्षेत्र के ग्रामीण में स्थित संपर्क मार्गों की स्थिति बेहद खराब है। जगह-जगह सड़कें गड्ढों में तब्दील है। इन्हीं जर्जर सड़कों पर लोगों को मजबूरी में आवागमन करना पड़ रहा है। कम दूरी तय करने में भी ज्यादा समय लोगों को गंवाना पड़ रहा है। लंबे समय से सड़क मरम्मत नहीं होने से सड़क की स्थिति काफी खराब हो गई है। जिससे लोगों का आवागमन सुगम नहीं रह गया है। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है। कछार क्षेत्र के लोग जजर्र सड़कों पर चलने को मजबूर है।
साड़े कला सोनौरा मार्ग जर्जर
मेंहदावल के सांडे कला सोनौरा तीन किलोमीटर लंबी सड़क पूरी तरह से जर्जर हो गई है। बाबूराम सिंह, अवनीश सिंह ने बताया कि यह सड़क एक वर्ष से क्षतिग्रस्त स्थिति में है। इसकी मरम्मत नहीं हुई है। जबकि यह सड़क गोरखपुर जनपद जाने के लिए प्रयोग में लाई जाती है।
जब्बार ददरा मार्ग खराब
मेंहदावल के जब्बार ददरा पांच किलोमीटर लंबे सड़क की स्थिति भी काफी खराब है। एक वर्ष पहले से यह सड़क बदहाल स्थिति में है। ग्रामीण पंकज सिंह, प्रदीप गुप्ता ने बताया कि यह सड़क कछार क्षेत्र के लोगों के लिए काफी मुफीद है, लेकिन सड़क की मरम्मत नहीं होने से परेशानी बढ़ गई है।
दो वर्ष से नहीं हुई मरम्मत
मेंहदावल के खैरहवा हरपुर छह किलोमीटर लंबे मार्ग की स्थिति भी काफी खराब है। पिछले दो वर्ष से सड़क की मरम्मत नहीं हुई है। सड़क का ट्रैक जगह-जगह उखड़ गया है। गिट्टियां जगह-जगह दिखाई पड़ रही है। ग्रामीण शंभू यादव, रामचंद्र ने बताया कि सड़क मरम्मत पर जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं।
चार किलो लंबा मार्ग जगह-जगह क्षतिग्रस्त
नौगो बढ़या चार किलोमीटर लंबे संपर्क मार्ग में भी कई स्थान पर सड़क क्षतिग्रस्त है। कई स्थानों पर गिट्टियां उखड़ गई हैं। कुछ माह से सड़क खराब स्थिति में है। कुछ समय पहले इसकी मरम्मत कराई गई थी।
मेंहदावल कछार क्षेत्र के ज्यादातर संपर्क मार्गो का विशेष मरम्मत का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। अभी तक स्वीकृति नहीं मिली है। कुछ सड़कों के मरम्मत की निविदा भी प्रकाशित है। धन आवंटित होते ही सड़कों की मरम्मत शुरू कराई जाएगी। -सुरेंद्र नाथ यादव, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग