मुखलिसपुर का जर्जर हुआ डाक बंगला।
संतकबीरनगर। जिले के मुखलिसपुर डाक बंगले की दशा सुधरने वाली है। इसके जीर्णोद्घार की मंजूरी मिल गई है। इस पर करीब सवा करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके जीर्णोद्धार से जहां अतिथियों के ठहरने की समस्या दूर हो जाएगी, वहीं मीटिंग आदि के स्थान मिल जाएंगे।
जिले में मुखलिसपुर में चौधरी चरण सिंह निरीक्षण गृह बना हुआ है। इसका निर्माण हुए कई साल हो चुके हैं। जिससे डाक बंगले का भवन जर्जर हो गया है। इसके साथ बाउंड्रीवाल भी क्षतिग्रस्त हो गया है। ऐसे में यहां पर कोई अधिकारी व अतिथि ठहरना नहीं चाहता है। लोग जिला मुख्यालय आ जाते हैं। जिससे किसी आपात स्थिति में समस्या बनी रहती है। इसके साथ ही डाक बंगले में सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। दूसरी तरफ धनघटा क्षेत्र में कोई अतिथिगृह भी नहीं है। इस समस्या को दूर करने के लिए प्रशासन ने पहल की है। जिस पर शासन ने डाक बंगला के जीर्णोद्धार कराने की भौतिक व वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
इस संबंध में उत्तर प्रदेश शासन के विशेष सचिव कुलदीप श्रीवास्तव ने प्रमुख अभियंता एवं विभागाध्यक्ष सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग को पत्र लिखकर अवगत कराया है कि डाक बंगला के जीर्णोद्धार की मंजूरी मिल गई है। इसके निर्माण के लिए 124.35 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। साथ ही प्रथम चरण में कार्य कराने के लिए 50 लाख रुपये का बजट जारी कर दिया गया है। इस बजट से भवन की मरम्मत के साथ ही टूटी चहारदीवारी ठीक कराई जाएगी, साथ ही अन्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।