संतकबीरनगर। बरदहिया बाजार में ठंड बढ़ने के साथ ही गर्म कपड़ों का कारोबार भी गरमा गया है। त्योहार व सर्दी की दस्तक से रविवार को यहां इतनी भीड़ थी कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया था। अच्छे कारोबार से व्यापारी उत्साहित तो थे, लेकिन मूलभूत सुविधाओं की कमी ने उनकी परेशानी बढ़ा दी है।
खलीलाबाद शहर का बरदहिया बाजार शनिवार की शाम से लेकर सोमवार की दोपहर तक कपड़ा व्यापारियों की आमद से गुलजार रहता है। यहां गोरखपुर-बस्ती मंडल के करीब-करीब हर कस्बे से कपड़ों के व्यापारियों आते हैं। नवंबर के प्रथम सप्ताह में त्योहार व सर्दी की शुरुआत ने यहां की रौनक और बढ़ गई है। यहां छोटे बच्चों से लगायत बुजुर्गों तक के लिए हर रंग व डिजाइन के गर्म कपड़े आ गए हैं। इस हफ्ते छठ पूजा के चलते शनिवार की शाम से ही व्यापारियों की संख्या अन्य दिनों की अपेक्षा अधिक दिखने लगी थी। रविवार की दोपहर में तो इस बाजार से पैदल चलना मुश्किल हो गया था। मुख्य सड़क के दोनों तरफ लगी दुकानों के आगे भीड़ के चलते इस रास्ते वाहन नहीं निकल पा रहे थे। बाइक चालक तक भीड़ में फंसकर घंटों झेलते रहे। नगर पालिका परिषद खलीलाबाद की ईओ बीना सिंह ने बताया कि बरदहिया बाजार से कुछ दिन पहले ही अतिक्रमण हटवाया गया है। दुकानदारों की सुविधा के लिए यहां मोबाइल शौचालय की व्यवस्था की गई है। अन्य सुविधाओं के लिए प्रयास किया जा रहा है।