धनघटा। कंपोजिट विद्यालय खैरगाड़ में निर्माणाधीन चहारदीवारी बुधवार की सुबह उस समय अचानक भरभरा कर गिर गई जब उसके इर्द-गिर्द बच्चे खेल रहे थे। संजोग अच्छा रहा की कोई बच्चा इसकी चपेट में नहीं आया।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार खैरगाड़ मे कंपोजिट विद्यालय के चहारदीवारी का निर्माण कार्य चल रहा है। एक तरफ से निर्माण कार्य पूरा भी हो चुका था। बुधवार की सुबह करीब 8:30 बजे चहारदीवारी अचानक गिर गई। जिस समय चहारदीवारी ढही उस समय विद्यालय में पढ़ने वाले छोटे-छोटे बच्चे उसके आसपास खेल रहे थे। संजोग अच्छा रहा की कोई बच्चा उसके चपेट में नहीं आया।
गांव वालों का आरोप है कि चहारदीवारी के निर्माण में खराब ईंट का प्रयोग जहां किया जा रहा है और सीमेंट का प्रयोग भी न के बराबर हो रहा है। इस संबंध में एडीओ पंचायत दालसिंगार यादव का कहना है कि चहारदीवारी गिरने की सूचना नहीं है। पता करने के बाद जिम्मेदारों के ऊपर कार्रवाई की जाएगी।