संतकबीरनगर/बड़गो। दिल्ली कमाने के लिए निकले एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में खलीलाबाद और मगहर रेलवे स्टेशन के बीच रेल पटरी पर बुधवार की सुबह 6 बजे के करीब पाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के बनकटवा गांव का निवासी नरसिंह पुत्र चिनगी (30) मंगलवार की शाम घर से दिल्ली के लिए निकला। वह ट्रेन पकड़ने के लिए गोरखपुर गया था। उसका शव बुधवार की सुबह मगहर और खलीलाबाद रेलवे स्टेशन के बीच मंझरिया और नेहिया गांव में रेलवे ट्रैक के किनारे पाया गया। पुलिस मौके पर पहुंची तो शव की पहचान नरसिंह के रूप में हुई।
कोतवाली खलीलाबाद के प्रभारी निरीक्षक पंकज पांडेय ने बताया कि आशंका जताई जा रही है कि वह ट्रेन से गिर गया था। इस संबंध में किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया।
गांव का ही युवक छोड़ने गया था रेलवे स्टेशन : उसके भाई गौतम ने बताया कि गांव का ही मोहम्मद सलीम भाई की ही मोटरसाइकिल लेकर उसे गोरखपुर छोड़ने के लिए गांव से अपराह्न 3 बजे निकला था।
वह भाई नरसिंह को गोरखपुर रेलवे स्टेशन छोड़कर शाम 4.30 बजे तक चला आया था। परिवार के लोगों को बुधवार की सुबह 6 बजे पुलिस से सूचना मिली।