संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। मेंहदावल विधायक अनिल त्रिपाठी के पत्र को संज्ञान में लेकर संयुक्त सचिव ने आयुक्त ग्राम विकास को मामले की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। पूर्व सीडीओ और वर्तमान जेडीसी संत कुमार पर विधायक ने धनउगाही के आरोप लगाते हुए कार्रवाई के लिए शासन को पत्र लिखा था। संयुक्त सचिव प्रहलाद बरनवाल ने आयुक्त ग्राम्य विकास को शिकायत की जांच कराकर कार्रवाई करने के आदेश दिए।
मालूम हो कि विधायक अनिल त्रिपाठी ने शासन को भेजे पत्र में आरोप लगाया किया कि पूर्व सीडीओ और वर्तमान संयुक्त विकास आयुक्त बस्ती संत कुमार ने जिले में भ्रष्टाचार किए हैं। सरकार की गुणवत्तापूर्ण नीतियों को दरकिनार करके उनके द्वारा योजनापूर्ण ढंग से धनउगाही की जा रही है। आरोप है कि तैनाती के दौरान अपर जिला पंचायत राज अधिकारी प्रमोद कुमार यादव को नियम के विरुद्ध जाकर वित्तीय अधिकारी सौंप कर राज्य एवं केंद्रीय वित्त योजना में अनुचित भुगतान कराया गया। जांच के नाम पर प्रधान और सचिव से धनउगाही की जा रही है। जहां पर घोटाला होता है वहां पर कोई कार्रवाई नहीं की जाती है।
ग्राम पंचायतों में नियम विरुद्ध सचिवों का क्लस्टर बदलने का भी आरोप : ग्राम पंचायत में नियमविरुद्ध ढंग से सचिवों का क्लस्टर बदलने के साथ ही तैनाती के दौरान कई विभाग के अधिकारियों के ऊपर दबाव बनाकर शासन के नियम के खिलाफ काम किया गया है।
डीपीओ के सेवानिवृत्त होने के बाद अनुचित तरीके से सीडीपीओ सांथा को चार्ज देने के साथ ही वित्तीय अधिकारी भी दे दिया गया। कई ब्लॉक में नियम विरुद्ध खंड विकास अधिकारी तैनात किए गए।