बिडहर घाट पर लगने वाला मेला के इंतजाम का जायजा लेते एसडीएम और सीओ-स्रोत पुलिस
धनघटा। मौनी अमावस्या के स्नान पर्व पर रविवार को सरयू नदी के बिड़हरघाट घाट पर श्रद्धालुओं के बड़ी संख्या में पहुंचने की संभावना है। हालांकि इस वर्ष नदी के तट पर बहुत बड़ा मैदान खाली है। जहां पर आराम के साथ लोग स्नान कर सकेंगे। रास्ते में होने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रूट डायवर्जन किया जाएगा। साथ ही जगह-जगह पुलिस के जवान भी लगाए जा रहे हैं।
मौनी अमावस्या पर सरयू नदी के बिड़हरघाट समेत अन्य घाटों पर श्रद्धालु स्नान करने के लिए पहुंचते हैं। बिड़हर घाट पर स्नान करने वालों की संख्या ज्यादा होती है। धनघटा से बिड़हर घाट की ओर आने जाने वाले मार्ग पर आए दिन भारी वाहनों का आना-जाना लगा रहता है। मौनी अमावस्या के स्नान पर वाहनों का आना-जाना अधिक होता है। मेले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन तैयारी में जुटा हुआ है। पुलिस क्षेत्राधिकारी अभयनाथ मिश्रा ने बताया कि उमरिया बाजार में बैरियर लगाकर मेला क्षेत्र में चार पहिया वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। नेतवापुर बंधे पर बैरियर लगाकर दो पहिया वाहनों को रोक दिया जाएगा।
मेला में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए डेढ़ सेक्शन पीएसी के जवान, एक सेक्शन एसडीआरएफ, जिले के सभी थानों से पुलिस के जवान बुलाए गए हैं। इसके साथ ही तीन इंस्पेक्टर 8 सब इंस्पेक्टर भी तैनात रहेंगे। महिला कांस्टेबल भी लगाई गई है। सीओ ने बताया की श्रद्धालुओं के सुरक्षा के लिए पानी में बैरिकेडिंग की जा रही है। इसके साथ ही मेला क्षेत्र में बिजली आपूर्ति के भी इंतजाम किए जा रहे हैं। एसडीएम और पुलिस क्षेत्राधिकारी स्वयं मेले की निगरानी करेंगे। नदी के किनारे इस बार जहां मेला लगेगा वहां मैदान बहुत बड़ा है। श्रद्धालु आराम से स्नान तो करेंगे ही मेला भी घूम सकेंगे।