लोहरौली/बखिरा। बखिरा थाना क्षेत्र के जीवधरा गांव में तेज रफ्तार से बुलेट लेकर जाने से मना करने एक पक्ष के लोग मौके पर बोलेरो लेकर मारपीट करने चले गए। इस दौरान उनके घरों की महिलाओं ने भी मारपीट की। गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। मामले में 42 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। जीवधरा गांव निवासी बिन्दू सिंह ने पुलिस को दी गई अपनी तहरीर में बताया कि बुधवार को वह अपने घर के सामने बैठी थी। उसी दौरान उनके घर के सामने से एक बुलेट मोटरसाइकिल से तीन लोग बहुत तेज गति से चलते हुए उसके दरवाजे की तरफ आए। उसने मोहम्मद अनस, जाहिद व रियाज को समझाने का प्रयास किया और कहा कि दरवाजे पर छोटे बच्चे खेलते हैं, कभी भी कोई अप्रिय घटना घट सकती है। इस पर वे गाली देते हुए पीटने लगे और अभद्र व्यवहार किया। उसने घर में घुस कर जान बचाई।
कुछ देर बाद वे बोलेरो गाड़ी में भरकर जावेद, अशरफ, इरफान, सूफियान, इरसाद आए तथा दूसरी तरफ से अनवर, इमरान, अल्ताफ, मोहम्मद रजा, मोहम्मद जुबेर, अकबर अली, अनीस, जैगम, सरवर, आसिफ, गुफरान, इरफान, गुलाम अली आए और घर में घुसकर उन्हें व पति जसवंत सिंह को लात, डंडा और धारदार हथियार से मारने लगे। शोरगुल सुनकर उनके घर के सामने पट्टीदार मान सिंह व उनकी पत्नी पुनीता सिंह बीच-बचाव करने आए तो उन लोगों को भी पीटने लगे।
इस दौरान दस महिलाओं समेत कुछ अज्ञात लोगों ने छत पर चढ़कर ईंट चलाने लगे। मामले में पुलिस ने 22 नामजद और 20 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।