खलीलाबाद औद्योगिक क्षेत्र स्थित बसपा कैंप कार्यालय पर रविवार को बसपा सुप्रीमो के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम में आचार संहिता के उल्लंघन की बात सामने आई। इस मामले में जिलाध्यक्ष समेत दो लोगों पर केस दर्ज हुआ है। वहीं दुधारा पुलिस ने रविवार को पीस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मो. अयूब और खलीलाबाद सीट से बसपा प्रत्याशी मशहूर आलम चौधरी के खिलाफ अलग-अलग आचार संहिता उल्लंघन का केस दर्ज किया है। अब तक जिले में आचार संहिता उल्लंघन के दस केस दर्ज हो चुके हैं।
उड़न दस्ता टीम के प्रभारी मनोज शुक्ला के अनुसार बसपा सुप्रीमो मायावती के जन्मदिन पर औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में मायावती के भाषण का लाइव टेलिकास्ट टीवी पर दिखाया जा रहा था। साथ ही बसपा की अपील वाली बुकलेट भी कार्यक्रम में वितरित करने के लिए निकाली गई थी। मौके से 25 बुकलेट मिलीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता खलीलाबाद विधान सभा क्षेत्र अध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार कर रहे थे और उसमें बतौर मुख्य अतिथि बसपा के जिलाध्यक्ष झिनकान प्रसाद रहे। यह कृत्य चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन की श्रेणी में आता है। कोतवाल कमला यादव ने बताया कि उड़न दस्ता टीम के प्रभारी की तहरीर पर बसपा जिलाध्यक्ष समेत दो लोगों पर केस दर्ज कर लिया गया है।
दुधारा एसओ रवींद्र कुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्र में भ्रमण के दौरान पाया गया कि पीस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मोहम्मद अयूब और बसपा के खलीलाबाद विधान सभा क्षेत्र के प्रत्याशी मशहूर आमम चौधरी का अलग- अलग स्थानों पर प्रचार- प्रसार के लिए वॉल पेंटिंग, बैनर, पोस्टर लगाए गए हैं। बिजली व टेलीफोन के खंभे,वाल पेंटिंग पर प्रचार-प्रसार किया गया है। पोस्टर बैनर हटवाने और पेंटिंग पुतवाने के बाद भी ऐसा करना आचार संहिता उल्लंघन की श्रेणी में आता है। पीस पार्टी के अध्यक्ष और बसपा प्रत्याशी के खिलाफ अलग-अलग चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का केस दर्ज किया गया है।
वहीं महुली थाने के इंस्पेक्टर शिववरन यादव ने अज्ञात के खिलाफ आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का मुकदमा दर्ज कराया है। यहां विद्युत पोल पर बधाई संदेश के पोस्ट लगे मिले। इससे पूर्व उड़न दस्ता प्रभारी अशोक कुमार की तहरीर पर बखिरा पुलिस ने पीस पार्टी के अध्यक्ष डॉ. मोहम्मद अयूब, उनके बेटे इरफान और निषाद पार्टी अध्यक्ष के संजय निषाद पर केस दर्ज हुआ। आरोप है कि क्षेत्र के निघुरी गांव में पीस पार्टी व निषाद पार्टी की संयुक्त जनसभा के दौरान भड़काऊ भाषण दे कर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया गया।
वहीं एसआई शर्मा सिंह यादव ने भी महुली थाने मेें अज्ञात के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन का केस दर्ज कराया है। आरोप है कि काली जगदीशपुर तिराहे के पास लगे विद्युत पोल पर निषाद पार्टी जिंदाबाद, पीस पार्टी जिंदाबाद, महान दल जिंदाबाद, निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल निषाद पार्टी के संयुक्त प्रत्याशी अनिल कुमार गौड़ के धनघटा विधानसभा क्षेत्र में पोस्टर लगे हैं।
एसओ दुधारा रवींद्र सिंह ने भ्रमण के दौरान सार्वजनिक स्थलों और पुलिया पर बाल राईटिंग तथा पेंटिंग आल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लमीन के प्रत्याशी हाजी तफ्शीर खान के प्रचार- प्रसार के लिए लिखा गया पाया। इस मामले में पुलिस ने आचार संहिता के उल्लंघन करने के आरोप में प्रत्याशी के खिलाफ केस दर्ज किया।उड़न दस्ता प्रभारी आरएल पटेल ने जांच के दौरान पाया कि बस्ती जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के देईसांड निवासी बाबूलाल अपनी बाइक पर महादेवा विधान सभा क्षेत्र के बसपा प्रत्याशी दूधराम के पक्ष में प्रचार के लिए पंपलेट लगा कर चल रहे थे। यहां बाबूलाल के खिलाफ धनघटा थाने में आचार संहिता के उल्लंघन का केस दर्ज कराया। कोतवाल खलीलाबाद में दो अलग-अलग मुकदमे अज्ञात के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन के दर्ज किए गए।