अनियंत्रित टेंपो पलटा, वृद्ध की मौत
सांथा (संतकबीरनगर)। बेलहर थानाक्षेत्र के गनवरिया-मेंहदावल मार्ग के नहर के निकट बृहस्पतिवार की शाम को सवारी भरी टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गई। दो यात्री घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोग घायलों को सीएचसी सांथा ले गए। एक वृद्ध की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मेंहदावल थानाक्षेत्र के ग्राम मिश्रवलिया मिश्र निवासी 65 वर्षीय छब्बू बृहस्पतिवार को बेलहर थानाक्षेत्र के ग्राम पसाई स्थित्र ससुराल से घर जाने के गनवरिया चौराहे पर टेंपो में सवार हुए। टेंपो गनवरिया नहर के पास पहुंचा था अनियंत्रित होकर पलट गया। छब्बू समेत दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों व अन्य की मदद से दोनों घायलों को सीएचसी सांथा ले जाया गया। छब्बू की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में देर रात उपचार दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर खलीलाबाद कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वृद्ध की मौत से परिजन गमगीन थे।