मगहर के रैना पेपर मिल के पास रात में बाइक और टेंपों में हुए टक्कर में क्षतिग्रस्त टेंपों-स्रोत
संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के नेशनल हाइवे रैना पेपर मिल के बाद सोमवार को देर रात टेंपो व बाइक की टक्कर में दोनों के चालक घायल हो गए। घटना की सूचना के बाद मगहर चौकी पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया।
पुलिस के अनुसार, गोरखपुर जनपद के पादरी बाजार स्थित राकेश पुत्र वीरेंद्र टेंपो लेकर खलीलाबाद से गोरखपुर की तरफ रात को जा रहे थे। करीब 10 बजे के आसपास रैना पेपर मिल के पास टेंपो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। उसी दौरान मगहर कस्बा में एक ट्रेडर्स की दुकान पर काम करने वाले बस्ती जनपद के रोडवेज निवासी असगर पुत्र मोहम्मद आबिद पीछे से आकर टेंपो से टकरा गए। हादसे में दोनों चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना के बाद मगहर चौकी से पुलिस टीम पहुंच गई। घायलों को जिला अस्पताल भिजवाने के साथ ही दोनों वाहनों को सड़क किनारे कराया। दोनों के परिजनों को सूचना दी गई। कोतवाल पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि घटना की सूचना के बाद घायलों को अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया था। मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।