मंदिर में तालाबंदी के विरोध में ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
- तीन साल से मंदिर में है ताला बंद, ग्रामीण नहीं कर पा रहे पूजा पाठ
- महुली थाना क्षेत्र के भीटीमाफी में स्थित श्रीराम जानकी मंदिर व बहरी माई मंदिर का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिहरपुर। बृहस्पतिवार को महुली थाना क्षेत्र के भीटीमाफी गांव में स्थित राम जानकी मंदिर परिसर के गेट पर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि मठ के जिम्मेदारों ने मंदिर में तीन सालों से तालाबंदी करके ग्रामीणों को पूजा पाठ से वंचित कर दिया है। ग्रामीणों ने मामले में डीएम से हस्तक्षेप कर उन्हें पूजा पाठ करने की अनुमति देने की मांग की है।
महुली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भीटीमाफी के कुआनो नदी के तट पर स्थित मंदिर परिसर में ग्रामीणों की आस्था से जुड़ा बहरी माई, शिव जी, श्रीराम जानकी और हनुमान जी का मंदिर है। मंदिर की स्थापना के बाद से ही भीटीमाफी गांव के साथ ही आसपास के गांवों के ग्रामीण यहां पूजा पाठ करते चले आ रहे हैं। ग्राम भीटीमाफी निवासी निरंजन प्रसाद, रामराज, शिवपूजन, सरला देवी, आशा देवी आदि ने बताया कि तीन साल पूर्व मठ के जिम्मेदार लोगों ने मंदिर में तालाबंदी कर दिया। तब से लेकर आज तक मंदिर में न तो कोई पूजा कर पाता है और न ही भगवान को भोग लगता है। नाराज ग्रामीणों ने भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष गोविंद मिश्र के नेतृत्व में मंदिर के बंद गेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान घरभरन, राजेश, जगदीश, शिवनाथ, रमेशचंद्र, रामा, ढुनमुन, भगौती प्रसाद, राजपति देवी, दीपक, महेन्द्र, सोनू, वीरेंद्र, हरिभजन, रामचरन आदि लोग मौजूद रहे।