गर्मी से बचने के लिए बरदहिया मंडी में गन्ने का जूस पीते हुए युवक
संतकबीरनगर। मौसम में तल्खी का असर रविवार को भी देखने को मिला। सुबह से ही चिलचिलाती धूप निकली। पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। लू चलने से लोग घरों में ही दुबके रहे। जो लो रोजमर्रा की जरूरतों के लिए घरों से बाहर निकले वह मुंह पर गमछा बांधकर बाहर आए और काम निपटने के बाद लौट गए। दूसरी तरफ स्वास्थ्य विभाग ने लू को देखते हुए कोल्ड वार्ड का सक्रिय रखा है।
रविवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह से ही तेज धूप निकली, जिसके कारण लोग परेशान रहे। दिन में लू चलने से लोग घरों में कैद हो गए। वैसे भी रविवार को छुट्टी होने के चलते भी सड़कों पर कम निकले, लेकिन जो लोग निकले वह छांव की तलाश में भटकते रहे।
मौसम विभाग अभी दो से तीन दिन पारा और चढ़ने की चेतावनी दी है। ऐसे में लोगों को सतर्कता बरतने की सलाह दी जा रही है। स्थिति यह रही कि दस बजे के बाद सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। इधर सहालग का समय होने के बावजूद दुकानदारों को दिनभर खाली बैठना पड़ रहा है।
कारण यह है कि ग्राहक दिन में खरीदारी करने से परहेज कर रहे हैं। जो लोग जरूरी काम से शहर आए वह लोग मुखलिसपुर व मेंहदावल बाईपास ओवरब्रिज के नीचे ठहर कर खुद को गर्मी से बचाव करते दिखे।
-
अस्पतालों में बढ़े मरीज
जिला अस्पताल सहित सीएचसी एवं पीएचसी पर लू से बचाव के लिए इंतजाम किए गए हैं। जहां उल्टी-दस्त, बुखार आदि के मरीज आ रहे हैं। जिला अस्पताल में ही प्रतिदिन 30 से 40 मरीज पहुंच रहे हैं। जिन्हें इलाज के साथ ही धूप में बाहर न निकलने की सलाह दी जा रही है। जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. कुमार सिद्धार्थ ने कहा कि घर से बाहर निकलने से परहेज करें। पूरा बाजू के कपड़े पहनकर ही बाहर आएं। थोड़ी-थोड़ी देर में शीतल पेय का उपयोग करें।
कोट
मौसम में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। अगले दो से तीन दिन पारा और चढ़ेगा। ऐसे में सतर्कता बरतने की जरूरत है। धान की बेहन की सिंचाई शाम के समय ही करें।
-अमरनाथ मिश्र, मौसम वैज्ञानिक कुमारगंज अयोध्या