भारतीय जनता पार्टी की बैठक बुुधवार को पार्टी कार्यालय में हुई।
- फोटो : अमर उजाला
भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की बैठक बुुधवार को पार्टी कार्यालय पर जिलाध्यक्ष राम ललित चौधरी की अध्यक्षता में हुई। जिसमें 22 जुलाई को गोरखपुर में होने वाली प्रधानमंत्री की रैली की रण्ानीति बनाई गई। इस दौरान भाजपा की निकल रही यात्रा और आगामी विधान सभा के चुनाव पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
जिला प्रभारी नरेंद्र मणि त्रिपाठी ने कहा कि जिस उत्साह के साथ कार्यकर्ता बस्ती में हुए बूथ सम्मेलन में शामिल हुए, उसी उत्साह को बनाए रखते हुए 22 जुलाई को गोरखपुर की रैली में भी प्रतिभाग करें। आने वाला समय भारतीय जनता पार्टी का है। कार्यकर्ता बूथों तक जाएं और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं।
जिलाध्यक्ष राम ललित चौधरी ने कहा कि पार्टी द्वारा दिए गए निर्देशों के तहत कार्यकर्ता पार्टी द्वारा निकाली जाने वाली यात्रा को सफल बनाने के लिए जुट जाएं। अपने-अपने सेक्टरों की बैठक कर राज्य सरकार के खोखले वादों और भ्रष्टाचार तथा केंद्र सरकार द्वारा जनहित में किए जा रहे विकास कार्यों को लोगों तक पहुंचाएं।
बैठक में जगदंबा लाल श्रीवास्तव, हेमंत चतुर्वेदी, राजेश सिंह, बब्बन शर्मा, अम्ब्रीश राय, फतेहबहादुर सिंह, दयाराम, वेद प्रकाश सिंह, गणेश पांडेय, धनंजय पांडेय, ज्ञानेंद्र मिश्र, हरिकेश चौरसिया, संजय राना, कपिल देव कन्नौजिया आदि लोग उपस्थित रहे।