मंगलवार को जिले के खलीलाबाद, मेंहदावल और धनघटा में तहसील दिवस का आयोजन हुआ। जिसमें कोटे की दुकानों के शिकायत का मुद्दा छाया रहा। डीएम और एसडीएम ने जांच कराने का आश्वासन दिया। वहीं धनघटा एसडीएम ने लापरवाही में एक लेखपाल को प्रतिकूल प्रवृष्टि दी।
तहसीलदार अरविंद सिंह और सीओ आरके सिंह ने खलीलाबाद तहसील दिवस पर लोगों की समस्याएं सुनीं। बडे़ला गांव के लोगों ने कोटेदार की शिकायत दर्ज कराई।
तहसीलदार ने बताया कि कुल 50 शिकायती पत्र मिला। मौके पर दो शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया। जिसमें सर्वाधिक सात शिकायतें कोटे की दुकान से संबंधित थीं। डीएम डॉ. सरोज कुमार और एसपी शैलेष कुमार पांडेय ने मेंहदावल तहसील दिवस दिवस पर फरियादियों की शिकायत सुनीं।
यहां कोटे की दुकानों पर वितरण में अनियमितता की कई शिकायतें पहुंची। कुल 84 शिकायती पत्र प्रस्तुत हुआ। जिसमें से सिर्फ तीन का मौके पर निस्तारण हो पाया। डीएम ने कहा कि तहसील दिवस की शिकायतों का निस्तारण करने में कोताही न बरते, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।
इसी तरह धनघटा में एसडीएम हरीराम यादव ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। एक शिकायती पत्र के संबंध में पूछताछ करने के लिए एसडीएम ने एक लेखपाल को बुलाया तो लेखपाल उपस्थित नहीं हुए। एसडीएम ने लापरवाही में लेखपाल को प्रतिकूल प्रवृष्टि दी। यहां कुल 50 मामले आए और एक भी मामले का निस्तारण मौके पर नहीं हो पाया।