- डारीडीहा गांव का मामला, किशोर ने इलाज के दौरान तोडा दम
संतकबीरनगर। कांटे चौकी क्षेत्र के डारीडीहा गांव के सिवान में सोमवार शाम करीब चार बजे कुछ बच्चे डंडे से गेंद खेल रहे थे। इसी दौरान 12 वर्षीय दिव्यांश उर्फ हनुमान पुत्र दिलीप भी वहां पहुंचा और अन्य बच्चों के साथ खेल में शामिल हो गया। खलीलाबाद कोतवाली प्रभारी जय प्रकाश दुबे ने बताया कि खेल के दौरान अचानक एक बच्चे के हाथ से डंडा छूटकर दिव्यांश को लग गया। डंडा लगते ही वह जमीन पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद अन्य बच्चों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां जिला अस्पताल में उपचार के दौरान देर शाम बालक ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।