मेंहदावल। थाना क्षेत्र में स्थित राप्ती नदी डुमरिया बाबू घाट में नहा रहा एक किशोर सोमवार की शाम डूब गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। किशोर की मौत से परिवार में मातम है।
जानकारी के अनुसार अंशू (12) पुत्र उधम यादव निवासी डुमरिया सोमवार की शाम 4 बजे छठ घाट पर गया हुआ था। राप्ती नदी में कुछ लोग नहा रहे थे। वह भी नहाने के उद्देश्य से पानी में उतर गया। इसी दौरान वह गहरे पानी में जाने के कारण डूबने लगा। इसके बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला और मेंहदावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार के लिए भर्ती कराया गया। वहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। छठ घाट पर भी कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।
प्रभारी निरीक्षक मेंहदावल सतीश कुमार सिंह ने कहा कि नहाने के दौरान किशोर के डूबने की सूचना मिली है। जांच पड़ताल कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।