- कोतवाली क्षेत्र के चुरेब कस्बे में हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
कांटे। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के कांटे चौकी अंतर्गत चुरेब चौराहे पर मंगलवार की देर रात इन्वर्टर का प्लग सही करते समय करंट लगने से एक किशोर की मौत हो गई। उसकी मौत से परिवार में मातम छा गया।
चुरेब चौराहा निवासी अमर पटवा (16) पुत्र रमाकांत पटवा मंगलवार चुरेब में एक लड़की की शादी समारोह में अपनी बहन और मां के साथ गया था। रात में 11 बजे सभी घर आए। अमर सोने के लिए जा रहा था। इस दौरान लाइट आ और जा रही थी। इन्वर्टर का प्लग ढीला था, जिसे ठीक करने के लिए अमर गया और अभी वह प्लग को सही कर रहा था कि उसे करंट लग गया। घर के लोग उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया। अमर कस्बे में एक निजी स्कूल में कक्षा-नौ का छात्र था।
अमर की मां मीना देवी ने कहा कि अमर छोटा बेटा था, जिसको वह पढ़ा लिखा कर कुछ लायक बनाना चाहती थी। सब सपना अधूरा रह गया। पिता रामकांत पटवा बेटे की मौत से बेसुध थे। लोग परिजनो कों सांत्वना दे रहे थे।