गुरुवार को बीएमसीटी मार्ग पर दुर्गजोत गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास एक ट्रक की टक्कर से एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई।
सूचना के बावजूद पुलिस के एक घंटे तक मौके पर नहीं पहुंचने से गुस्साएं लोगों ने सड़क जाम कर दिया। दो घंटे तक लगे जाम से यातायात प्रभावित हुआ।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाबुझा कर जाम समाप्त कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बखिरा क्षेत्र के मंझरिया पठान निवासी रामरूप पुत्र कुमार जलपान की दुकान चलाता था। दुकान के सामनों की खरीदारी करने वह बाइक से नंदौर बाजार जा रहा था। बीएमसीटी मार्ग पर दुर्गजोत गांव के पास स्थित पेट्रोलपंप के आगे पहुंचा था।
उसी बीच बस्ती कीतरफ जा रही पशुओं से लदे ट्रक ने बाइक सवार रामरूप को टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भाग निकला। हादसे की जानकारी पर आसपास के लोगों मौके पर जमा हो गए।
सूचना के बावजूद जब पुलिस करीब एक घंटे तक मौके पर नहीं पहुंची तो लोगों में गुस्सा बढ़ गया। उन्होंने पुलिस की लापरवाही के विरोध में और नंदौर- बस्ती मार्ग को दुर्गजोत के पास जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक जाम लगाने से राहगीरों को आने-जाने में काफी समस्या हुई। खबर पर मौके पर सीओ उत्तम सिंह भी पहुंच गए। सीओ के समझाने-बुझाने पर लोगों ने जाम समाप्त किया। गांव वालों ने बताया कि युवक मंझरियापठान चौराहे पर ही चाय की दुकान चलाता था।
दुकान में पूरा परिवार सहयोग करता है। वह चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसके तीन बड़े भाई परमात्मा, आत्मा व रामस्वरूप हैं। बेटे की मौत होने पर गमजदा उसकी मां बेलावती देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। घटना से गांव के लोग भी गमगीन दिखे। एसओ बलराम मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पीड़ित परिजनों की तहरीर पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।