संतकबीरनगर। धर्मसिंहवा थानाक्षेत्र के एक गांव में बंद कमरे में लटकी छात्रा के शव का बुधवार को पोस्टमार्टम हुआ। तीन चिकित्सकों ने छात्रा के शव की गहनता से जांच की।
पोस्टमार्टम की पुलिस ने वीडियोग्राफी भी कराई। पोस्टमार्टम में लटकने से मौत की बात सामने आ रही है। निगाहें अब पुलिस की विवेचना पर टिकी हुई है।
एक गांव की ग्यारहवीं कक्षा की 17 वर्षीय छात्रा शुक्रवार से ही अपने घर से गायब थी। उसकी मां ने पुलिस को इस बात की जानकारी दी तो पुलिस ने सोमवार को छात्रा की गुमशुदगी दर्ज की।
गुमशुदगी दर्ज कराते समय छात्रा की मां ने पुलिस को बताया कि वह गांव के ही नौवीं कक्षा के छात्र से मोबाइल पर बात करती थी। 10 दिन पूर्व मां ने उसे बात करते पकड़ा तो मोबाइल फोन छीन लिया और उसे मारापीटा भी था। इसके बाद शुक्रवार को वह गायब हो गई थी।
काफी खोजबीन के बाद भी जब वह नहीं मिली तो मां ने सोमवार को गुमशुदगी दर्ज कराई। मंगलवार की सुबह ही उसका शव घर के कमरे में फंदे से लटकता हुआ मिला। जिस कमरे में शव मिला था, उसमें बाहर से ताला भी लगा था।
पोस्टमार्टम से जुड़े सूत्र बताते हैं कि पोस्टमार्टम तीन चिकित्सकों के पैनल ने किया। इस पैनल में एक महिला चिकित्सक भी शामिल थी। पुलिस ने पूरी पोस्टमार्टम प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई। पोस्टमार्टम में तकरीबन डेढ़ घंटे का समय लगा। पोस्टमार्टम करने वाली टीम ने मौत से पहले और बाद में लगने वाली चोटों का भी परीक्षण किया, लेकिन इसमें कोई भी चोट या खरोंच के निशान सामने नहीं आए। फिलहाल इस मामले में लटकने से मौत की पुष्टि हुई है, लेकिन पुलिस अंतिम विवेचना के बाद ही किसी नतीजे पर पहुंच सकती है।